प्याज़ वाली उड़द की दाल बनाने की विधि । Pyaaz Wali Urad Daal Recipe in Hindi
बेहद ही स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिकता से भरपूर यह प्याज़ वाली उड़द की दाल (Pyaaz Wali Urad Daal Recipe in Hindi) किसी भी समय आपके खाने के लिए उपुक्त डिश है। इसे आप चावल, पुलाव या पराठों इत्यादि के साथ परोस सकते हैं। इसे बनाने के लिए भी आपको ज्यादा कोई झंझट नहीं उठाना पड़ता, और बेहद ही कम सामग्री में यह तैयार हो जाता है। तो, आप भी इसकी रेसिपी जानें और अपने घर पर बनाने की कोशिश करें।
आवश्यक चीजें
उड़द दाल छिलका रहित – 1 कप
प्याज- 2 छोटे बारीक कटे हुए
टमाटर – 1 मध्यम कटा हुआ
हरी मिर्च – 1 बारीक कटी हुई
अदरक – 1 इंच टुकड़ा कद्दूकस किया हुआ
धनिया – मुट्ठी भर
नमक स्वादानुसार
हल्दी – 1/2 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर -1 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
गरम मसाला – 1/2 छोटा चम्मच
हींग – 1 चुटकी
जीरा – 1/2 छोटा चम्मच
इमली का गूदा – नीबू के आकार की लोई
घी या तेल – 1 चम्मच
प्याज़ वाली उड़द की दाल बनाने की विधि
इस लाजवाब प्याज़ वाली उड़द की दाल को आसानी से अपने घर पर बनाने के लिए सबसे पहले उड़द की दाल को धोकर एक घंटे के लिए भिगो दें। फिर 2-3 सीटी आने तक इसमें थोड़ा नमक और हल्दी डालकर प्रेशर कुकर में इसे पकाएं। इसके बाद एक अलग पैन में घी या तेल डालकर गरम करें।
इसके बाद पैन में हींग, जीरा डालें और थोड़ी देर तक भुने। फिर इसमें कद्दूकस किया हुआ अदरक, कटी हरी मिर्च डालें और इसे भी थोड़ी देर भुने। उसके बाद इसमें कटे हुए प्याज़ और टमाटर डालें और इसे चलाते हुए भूनें और प्याज के पारदर्शी होने तक पकाएं। इसके बाद इसमें इमली का गूदा डालें और भूनें।
फिर इसमें धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालें और अच्छी तरह मिलाकर 2-3 मिनट तक पकाएं। अब इस मिश्रण में उबली हुई उड़द की दाल डालें और सभी को मिलाकर थोड़ी देर उबाल लें। फिर इसमें गरम मसाला पाउडर डालें और कुछ मिनट के लिए पकाएं ताकि सारा मसाला दाल में मिल जाए।
आप अपने अनुसार पानी का उपयोग कर स्थिरता को समायोजित करें। सबसे आखिर में धनिया के पत्ते या पुदीना से इसे गार्निश करें। आपका स्वादिष्ट प्याज़ वाली उड़द की दाल अब परोसने के लिए तैयार है।








