भगरा बैंगन कैसे बनायें । Bhagara Baingan Recipe in Hindi
भगरा बैंगन छोटे-छोटे बैंगन से बनने वाला एक लाजवाब डिश है। इससे बनाने के लिए हमें ज्यादा किसी सामग्री की भी आवश्यकता नहीं पड़ती। इसे मुख्य तौर पर बैंगन, मूंगफली, नारियल, तिल और मसालों के साथ तैयार किया जाता है। इस भगरा बैंगन (Bhagara Baingan Recipe in Hindi) का चटपटा और तीखा स्वाद हर बच्चे से लेकर बड़े तक को पसंद आता है। स्वादिष्ट होने के साथ-साथ यह सेहत के लिए भी लाभदायक होता है। आप इसे रोटी, पराठे या चावल किसी के भी साथ खा सकते हैं। तो, जानें इसे बनाने की रेसिपी और घर पर आजमा कर जरूर देखें।
आवश्यक चीजें
भुनी हुई मूंगफली – 2 बड़े चम्मच
भुना हुआ तिल – 2 बड़े चम्मच
बंगाल चना – 1 बड़ा चम्मच
भुना हुआ ताजा नारियल – 1 बड़ा चम्मच कटा हुआ
भुना हुआ धनिया बीज – 1 बड़ा चम्मच
भुना हुआ जीरा – 1 बड़ा चम्मच
प्याज – 1 (पतले और लम्बे आकार में कटा हुआ)
अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 बड़ा चम्मच
धनिया पत्ती – एक मुट्ठी बारीक कटी हुई
बैंगन – 7 से 8 छोटे आकार के
नमक – आवश्यकता अनुसार
पानी – ज़रुरत के अनुसार
तेल आवश्यकता अनुसार
इमली का रस – 1 कप
तली हुई सूखी लाल मिर्च – 6 से 7
हल्दी पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – आवश्यकता अनुसार
भगरा बैंगन बनाने की विधि
बेहद ही स्वादिष्ट लगने वाले भगरा बैंगन को बनाने के लिए सबसे पहले प्याज को थोड़े तेल में ब्राउन होने तक भूनें और एक तरफ रख दें। फिर एक मिक्सर जार लें और उसमें मूंगफली, तिल, चने की दाल, ताजा नारियल, धनिया के बीज, जीरा, भुना हुआ प्याज, सूखी लाल मिर्च, नमक, हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालें। इसे एक बार पीस लें और उसके बाद इसमें थोड़ा पानी मिला लें और फिर से इसे बारीक पीस लें।
अब बैंगन लें और उसकी डंडी को काट कर आधा काट लें। हर बैंगन पर 2 कट लगा कर पानी में डाल दीजिये। इसके बाद पानी को निचोड़कर बैंगन में नमक लगाएं। फिर एक पैन में तेल गरम करें और उसमें बैंगन डालें। इसे ढककर तेज आंच पर पकाएं। साथ ही इसे बीच-बीच में पलट-पलट कर नरम होने तक सेंक लीजिए। फिर इसे एक प्लेट में अलग रख दें।
इसके बाद उसी पैन में अदरक-लहसुन का पेस्ट और ऊपर से पिसी हुई मूंगफली का पेस्ट डालें और इसे अच्छे से भून लें। इसमें थोड़ा सा पानी डालकर भूनें। (पानी डालना इसलिए जरूरी है क्योंकि यह ठंडा होने के बाद बहुत जल्दी गाढ़ा हो जाता है।) इसके बाद इसे ढककर धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं।
यह भी पढ़ें: मसालेदार बेसन भिंडी बनाने की विधि
अब भुने हुए बैंगन कढ़ाई में डालें और अच्छी तरह से मिलाएँ। फिर इमली का रस भी डाल दें और अच्छी तरह मिला लें। फिर इसे ढककर कुछ सेकंड के लिए पकाएं। उसके बाद इसे धनिया पत्ती से गार्निश करें और गैस बंद कर दें। आपका स्वादिष्ट भगरा बैंगन अब परोसने के लिए तैयार है।








