गुरु के महत्व को दर्शाता यह मंत्र बेहद ही लोकप्रिय मंत्र है। इस संसार में ऐसा कोई नहीं जिसे अपने जीवन के किसी ना किसी मोड़ पर गुरु की आवश्यकता ना पड़ी हो। गुरु हमें मार्गदर्शन देता है और इस संसार में क्या गलत है क्या सही, हमें अपने जीवन में सफल होने के लिए किस मार्ग पर जाना चाहिए, ये सभी बातें हमें गुरु ही बताते हैं। गुरुओं को समर्पित इस मंत्र की महिमा भी बड़ी है, आप भी जानें इसका अर्थ।
गुरु ब्रह्मा मंत्र हिंदी में । Guru Brahm Mantra in Hindi
गुरुर्ब्रह्मा ग्रुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः।
गुरु साक्षात् परं ब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः॥
गुरु ब्रह्मा मंत्र का विवरण :
इस मंत्र का अर्थ बड़ा ही सरल सा है, इसके माध्यम से गुरु के महत्व को बताया गया है और ईश्वर से तुलना की गयी है। इसमें कहा गया है की “गुरु ही ब्रह्मा हैं, गुरु ही विष्णु हैं और गुरु ही महेश यानी भगवान शिव हैं। गुरु तो साक्षात रूप में मौजूद परमेश्वर है, इसलिए मैं गुरु के इस रूप और उनकी महिमा को नमन करता हूँ”।
इस मंत्र में गुरु की तुलना ब्रह्मा से की गयी है क्योंकि जिस प्रकार ब्रह्मा को रचयिता कहा जाता है, उसी तरह गुरु भी अपने शिष्य के चरित्र का निर्माण करता है। गुरु को विष्णु कहा गया है क्योंकि गुरु भगवान विष्णु के भांति ही अपने शिष्यों के भीतर सद्गुण का विकास करते हैं और उनकी रक्षा करते हैं। इसी तरह गुरु को महेश कहा गया है क्योंकि गुरु भी अपने शिष्य की सभी बुराइयों का नाश करता है और उसे सन्मार्ग का ज्ञान देता है।