पालक का सूप बनाने की रेसिपी | Palak soup recipe in Hindi
आज हम आपको पालक का सूप बनाने की रेसिपी बता रहे है
पालक का सूप बनाने के लिए जरुरी सामान
लगभग 250 ग्राम पालक, दो माध्यम आकार के टमाटर, थोड़ा सा अदरक, चौथाई चम्मच काला नमक, चौथाई चम्मच काली मिर्च , आधे नींबू का रस, दो चम्मच क्रीम, एक चम्मच बारीक कटा हुआ हरा धनियाँ और सादा नमक
पालक का सूप बनाने की रेसिपी और तरीका
पालक का सूप बनाने के लिए सबसे पहले पालक के पत्तो के डंठल तोड़ लें| उसके बाद पालक के पत्तो को पानी से दो से तीन बार अच्छी तरह से धो लें| टमाटर को भी पानी से अच्छी तरह से धो लें| अदरक का टुकड़ा लेकर उसे छील कर धो लें| किसी बर्तन में पालक के पत्तो को काट लें| उसी बर्तन में टमाटर और अदरक भी काट कर डाल दें|
फिर बर्तन में लगभग एक कप पानी डालकर गर्म होने के लिए गैस पर रख दें| लगभग तीन से चार मिनट पकने के बाद गैस को बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें| जब मिश्रण ठंडा हो जाएं तब मिक्सी के जार में मिश्रण को डालकर महीन पीस लें| पीसे हुए मिश्रण में लगभग दो कप पानी डालकर अच्छी तरह से मिला लें| फिर इस मिश्रण को छान लें|
एक बर्तन में छना हुआ सूप डालकर गर्म होने के लिए रख दें| सूप में काली मिर्च पॉउडर, काला नमक और स्वादनुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाते हुए पकाएं| दो से तीन मिनट पकाने के बाद गैस बंद कर दें| उसके बाद सूप में नींबू का रस और थोड़ा सा मक्खन डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें|
पालक का सूप बनकर तैयार है| गरमा गर्म सूप को प्याली में निकालकर क्रीम और बारीक कटे हरे धनियाँ से गार्निश करके सर्व करें|