आलू चीज़ रोल्स बनाने की विधि । Potato Cheese Rolls Recipe in Hindi
आलू चीज़ रोल्स (Potato Cheese Rolls Recipe in Hindi) उबले हुए आलू, चीज़, ब्रेड क्रम्स और कुछ मसालों के साथ बनने वाला एक बेहद ही स्वादिष्ट डिश है। आप इसे बड़ी ही आसानी के साथ अपने घर पर बना सकते हैं और इसे बच्चे से लेकर बड़े तक सभी बहुत पसंद करते हैं। तो, जानें इसे बनाने की रेसिपी और अपने घर पर बनाने की कोशिश करें।
आवश्यक चीजें
घोल तैयार करने के लिए :
मैदा – 1 छोटा चम्मच
पानी – जरूरत के अनुसार
आलू चीज़ रोल्स बनाने के लिए:
उबले आलू – 2 छील कर मैश कर लीजिये
ब्रेड क्रम्ब्स – आवश्यकता अनुसार
मैदा – 1 छोटा चम्मच
प्याज – 1 बारीक कटा हुआ
अदरक – 1 इंच कद्दूकस किया हुआ
हरी मिर्च – 2 बारीक कटी हुई
अमचूर – 1 छोटी चम्मच
रेड चिली फ्लेक्स – 1/2 छोटी चम्मच
हरा धनिया – एक मुट्ठी
नमक – स्वादानुसार
हल्दी पाउडर – 1/2 छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
मोज़रेला चीज़ – 2 से 3 क्यूब्स
तलने के लिए तेल
आलू चीज़ रोल्स बनाने की विधि
इस लाजवाब आलू पनीर रोल्स को आसानी से अपने घर पर बनाने के लिए सबसे पहले घोल तैयार कर लें। इस घोल को बनाने के लिए एक बाउल में मैदा और पानी लें। फिर इसे अच्छी तरह मिलाकर पतला घोल तैयार कर लें और इसे एक तरफ रख दें।
इसके बाद पोटैटो चीज़ रोल्स बनाने के लिए एक बाउल में उबले हुए आलू लें। फिर इसमें ब्रेड क्रम्ब्स, मैदा, प्याज, अदरक, हरी मिर्च, अमचूर, लाल मिर्च पाउडर, नमक, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पत्ती डालें और इसे अच्छी तरह से मिलाएं। अब एक लोई के आकार का तैयार आलू का मिश्रण लें और हथेलियों के बीच हल्का दबा कर बेलन के आकार का रोल बना लें।
इसके बाद इसे थोड़ा चपटा कर लें। फिर इसके ऊपर मोज़रेला चीज़ क्यूब का एक टुकड़ा रखें। इसे बंद करके बेलन के आकार का रोल बनाकर तैयार कर लीजिए। फिर रोल को घोल में डिप करें और फिर ब्रेड क्रम्ब्स से पूरी तरह कोट कर लें। इसी तरह सारे रोल बनाकर तैयार कर लीजिये। इसी बीच, तलने के लिए एक पैन में तेल गर्म करें और फिर गरम तेल में तैयार आलू पनीर रोल डालिये।
इसके बाद इसे मध्यम आंच पर चारों तरफ से क्रिस्पी और गोल्डन ब्राउन होने तक डीप फ्राई करें। फिर, उन्हें उपयुक्त चम्मच की मदद से एक परोसने वाले प्लेट में निकाल लें। अब आपके आलू चीज़ रोल्स परोसने के लिए तैयार हैं।








