प्याज पराठा बनाने की विधि । Onion Parathaa Recipe in Hindi

प्याज पराठा कैसे बनायें । Onion Paratha Recipe in Hindi

प्याज से भरा हुआ यह प्याज का पराठा (Onion Parathaa Recipe in Hindi) एक मसालेदार और बेहद ही स्वादिष्ट डिश है। इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा किसी झंझट में नहीं पड़ना पड़ता, इसकी रेसिपी बेहद ही सरल है। मुख्य तौर पर इसे बनाने के लिए आपको प्याज, गेहूं का आटा और कुछ मसालें चाहिए होता है। यह एक ऐसी डिश है जिसे आप सुबह, दोपहर, शाम या रात के खाने के रूप में, कभी भी खा सकते हैं। इसे अगर आप दही या खट्टे अचार के साथ परोसें तो इसका मजा और भी बढ़ जाता है। तो, आप भी जानिए इसे बनाने की विधि और घर पर आजमाइए।

आवश्यक चीजें
भराई के लिए :
प्याज – 1 कटा हुआ
नमक – स्वादानुसार
लाल मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
हरी मिर्च – 1 बारीक कटी हुई
कसूरी मेथी – 1 छोटी चम्मच
चाट मसाला – 1/2 छोटी चम्मच
भुना हुआ बेसन – 2 छोटे चम्मच
पराठा के लिए:
गेंहू का आटा – ज़रुरत के अनुसार
घी/बटर – ज़रुरत के अनुसार

- Advertisement -

प्याज पराठा बनाने की विधि

इस बेहद ही स्वादिष्ट प्याज पराठा को आसानी से अपने घर पर बनाने के लिए सबसे पहले हमें इसकी स्टफिंग तैयार करनी होगी। इसके लिए प्याज को एक बाउल में लें और फिर नमक, लाल मिर्च पाउडर, हरी मिर्च, कसूरी मेथी (हथेलियों के बीच रगड़ कर), चाट मसाला और भुना हुआ बेसन डाल कर बहुत ही अच्छी तरह से मिला दीजिये।

इसके बाद पराठा बनाने के लिए सबसे पहले आटा गूथ लें, फिर एक छोटी गोल आकार की आटे की लोई लें। इसे थोड़े सूखे आटे में लपेट कर बेल लें और फिर इसके बीच में तैयार प्याज की स्टफिंग डालें। उसके बाद किनारों को मिलाकर पराठे को अच्छी तरह से सील कर दें। फिर, सूखे आटे की मदद से इसे पराठे के रूप में बेल लें।

यह भी पढ़ें: एग करी रेसिपी हिंदी में

इस दौरान तवा भी गरम कर लें और अब पराठे को गरम तवे पर दोनों तरफ से घी या बटर लगाकर मध्यम आंच पर अच्छे से सेंक लें। अच्छी तरह पक जाने के बाद इसे प्लेट में निकाल लें और दही या किसी भी अचार के साथ गरमा गरम परोसें।

- Advertisement -